मध्‍य प्रदेश में सर्द हवाओं ने फिर बढ़ाई ठंड, तापमान में गिरावट, 1 फरवरी से बारिश का दौर होगा शुरू

0
477

भोपाल, 27 जनवरी (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश में फिर से सर्दी का दौर शुरू हो गया है। सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। दिन और रात के तापमान में गिरावट आयी है। शहडोल के कल्यापुर में तापमान 5 डिग्री के नीचे पहुंच गया है। आज सोमवार को भी ऐसा ही मौसम रहने वाला है। सुबह और रात ठंडे रहेंगे। सोमवार और मंगलवार की रात से पारे में 3 से 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी होने का अनुमान है। 28, 29, 30 और 31 जनवरी को दिन में गर्मी और रातें ठंडी रहेगी। वहीं, 1 फरवरी से बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से फरवरी के शुरुआती 4 दिन तक मौसम बदला रहेगा। 1 से 4 फरवरी के बीच पूर्वी और दक्षिणी हिस्से में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इनमें रीवा, शहडोल, जबलपुर, सागर, ग्वालियर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग के जिले शामिल हैं। इंदौर, भोपाल और उज्जैन संभाग में मौसम साफ रहेगा। आज सोमवार को प्रदेश के सभी हिस्से में ठंड का असर रहेगा। खासकर सुबह और रात में मौसम सर्द रहेगा। 28 जनवरी को दिन-रात में ठंड का असर रहेगा। कुछ शहरों में हल्का कोहरा भी रह सकता है।

प्रदेश में पिछले दो दिन से मौसम में बदलाव देखने को मिला है। रविवार को दिन में सर्द हवाएं चली। हालांकि, पारे में ज्यादा गिरावट नहीं हुई। कई शहरों में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी ही देखने को मिली। जबकि रविवार की रात में कई शहरों में पारा लुढ़क गया। बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर में सबसे कम 6.2 डिग्री रहा। भोपाल में 8.2 डिग्री, जबलपुर में 8.8 डिग्री, उज्जैन में 11.4 डिग्री और इंदौर में 13.6 डिग्री रहा। प्रदेश में सबसे ठंडा कल्याणपुर रहा। यहां न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री दर्ज किया गया। रीवा में 5.4 डिग्री, राजगढ़-नौगांव में 6 डिग्री, उमरिया में 6.4 डिग्री, खजुराहो में 6.8 डिग्री, गुना में 7.2 डिग्री, सतना में 7.5 डिग्री, टीकमगढ़ में 8 डिग्री, मंडला में 8.4 डिग्री, पचमढ़ी में 8.4 डिग्री और सीधी में 9.4 डिग्री रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here