‘पंचायत से पार्लियामेंट 2.0’ आज, ओम बिरला करेंगे उद्घाटन

0
522

नई दिल्ली, 06 जनवरी (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की रायसीना हिल्स में स्थित संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में एक दिवसीय ‘पंचायत से पार्लियामेंट 2.0’ कार्यक्रम का उद्घाटन और प्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे। बिरला के नेतृत्व में सभी प्रतिनिधि भारत के संविधान की प्रस्तावना का पाठ करेंगे। इस कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बालविकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर भी उपस्थित रहेंगी। इस कार्यक्रम की जानकारी लोकसभा सचिवालय के अलावा राष्ट्रीय महिला आयोग ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दी है।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायती राज संस्थाओं में निर्वाचित अनुसूचित जनजातियों की महिला प्रतिनिधियों को सशक्त बनाना तथा प्रभावी नेतृत्व को बढ़ावा देने के लिए उन्हें संवैधानिक प्रावधानों, संसदीय प्रक्रियाओं और शासनव्यवस्था के बारे में गहन जानकारी देना है। लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह स्वागत भाषण देंगे। दूसरे सत्र को केंद्रीय जनजातीय कार्यमंत्री जुएल ओराम संबोधित करेंगे।

भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यशाला के साथ कई सत्र हाेंगे। कार्यक्रम में 22 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की अनुसूचित जनजातियों की 502 निर्वाचित महिला प्रतिनिधि शामिल होंगी। पंचायत से संसद 2024 के क्रम में यह दूसरा कार्यक्रम पंचायत से पार्लियामेंट 2.0 है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here