दुर्गापुर महकमा अस्पताल के आपातकालीन विभाग में तोड़फोड़, छह गिरफ्तार

0
228

दुर्गापुर, 02 जून (हि.स.)। दुर्गापुर के महकमा अस्पताल में रविवार रात एक बड़ी घटना घटी, जब अस्पताल के आपातकालीन विभाग में कथित तौर पर तोड़फोड़ की गई। इस घटना में शामिल होने के आरोप में बिधाननगर फाड़ी की पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है और बाकी की तलाश जारी है।

गौरतलब है कि रविवार देर रात बाइक दुर्घटना में घायल एक युवक इलाज के लिए अस्पताल आया। उसके साथ उसके 17 दोस्त भी आए थे, जिन्होंने दावा किया कि वे घायल युवक के मित्र हैं। प्राथमिक उपचार के बाद घायल युवक को एक इंजेक्शन लगाने के लिए एक अन्य कमरे में भेजा गया।

आरोप है कि घायल युवक के दोस्त जबर्दस्ती इंजेक्शन रूम में एक साथ घुसने की कोशिश करने लगे। जब सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोका, तो उन्होंने अस्पताल में तोड़फोड़ शुरू कर दी।

यह भी आरोप है कि घायल युवक के दोस्त नशे में थे। उन्होंने अस्पताल के मैनेजर मोहन मुर्मू पर भी हमला किया और उन्हें पीटा। मोहन मुर्मू ने कहा कि हमें सुरक्षा की भारी कमी महसूस हो रही है। रात 11:30 बजे से लेकर करीब 2-2:30 बजे तक लगातार अशांति और तोड़फोड़ चलती रही। इस हालात में अस्पताल में काम करना मुश्किल है।

घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। इस घटना के बाद अस्पताल के चिकित्सक, नर्स और स्वास्थ्यकर्मी भयभीत हो गए हैं। सभी ने अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here