ऑपरेशन सिंदूर पर सर्वदलीय शिष्टमंडलों ने वैश्विक मंच पर बजाया भारत का डंका : शांता कुमार

0
392

पालमपुर, 03 जून (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर गौरवपूर्ण इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार “ऑपरेशन सिंदूर” के माध्यम से भारत ने विश्व में एक अनोखा कार्य कर दिखाया, ठीक उसी तरह अब सात सर्वदलीय शिष्टमंडलों को भेजकर भारत ने एक और ऐतिहासिक कदम उठाया है।

शांता कुमार ने मंगलवार को एक बयान में कहा, “भारत की 140 करोड़ जनता पहली बार एक स्वर में बोल रही है और उसकी गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दे रही है। यह एक नया इतिहास है, जहां प्रतिदिन भारत की एकता आतंकवाद के विरुद्ध वैश्विक चेतना जगा रही है।”

उन्होंने बताया कि कांग्रेस सांसद शशि थरूर के प्रभावशाली भाषण के बाद कोलंबिया ने पहलगाम की दुर्घटना पर पाकिस्तान के समर्थन में दिया गया बयान वापस ले लिया। वहीं सांसद असदुद्दीन ओवैसी के भाषणों से पाकिस्तान की सच्चाई दुनिया के सामने उजागर हो रही है।

शांता कुमार ने इस बात पर विशेष बल दिया कि पहली बार पूरा भारत एक स्वर में पाकिस्तान के आतंकवाद के विरुद्ध दुनिया के सामने खड़ा हुआ है। यह भारत के लिए एक दुर्लभ और ऐतिहासिक क्षण है।

हिमाचल प्रदेश के संदर्भ में उन्होंने कहा कि प्रदेश के लिए यह गर्व की बात है कि युवा सांसद अनुराग ठाकुर एक सर्वदलीय शिष्टमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि जब ये सात शिष्टमंडल देश लौटें, तो लाल किले में उनका 140 करोड़ भारतीयों की ओर से भव्य स्वागत किया जाए। यह ऐतिहासिक उपलब्धि भारत के भविष्य को दिशा देने वाली है और इसे स्थायी रूप से बनाए रखने की आवश्यकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here