फर्जी मुकदमों में फंसाने का आरोप, कांग्रेस कार्यकर्ताओं के समर्थन में उतरी महिला कांग्रेस

0
223

छेड़खानी और लूट जैसे मामलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को लेकर पार्टी ने रविवार को कड़ा विरोध जताया। पराड़कर भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुराधा यादव, महानगर अध्यक्ष पूनम विश्वकर्मा और गिरफ्तार कार्यकर्ता अमित पाठक की पत्नी सुषमा पाठक ने संयुक्त रूप से इसे भाजपा की साजिश करार दिया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर सुनियोजित तरीके से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले भी इसी दुकान से संबंधित घटनाओं को आधार बनाकर तीन बार एफआईआर दर्ज की गई, जिनमें जांच के बाद झूठे होने की पुष्टि हुई और अदालत ने भी मुकदमे खारिज किए।

महिला पदाधिकारियों ने सवाल उठाया कि न्यायालय द्वारा खारिज मामलों को बार-बार उठाना न्यायिक प्रक्रिया का अपमान नहीं तो और क्या है? उन्होंने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि सच्चाई जल्द सामने आएगी और दोनों कार्यकर्ताओं को न्याय मिलेगा।

गिरफ्तार अमित पाठक की पत्नी सुषमा पाठक ने इसे लोकतंत्र और न्याय की लड़ाई बताते हुए कहा कि वाराणसी कांग्रेस परिवार अपने साथियों के साथ खड़ा है और सच्चाई को सामने लाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

इस मौके पर डॉ. नृपेन्द्र नारायण सिंह, जय प्रकाश पाठक, हर्ष पाठक, विनीत चौबे और किशन यादव सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। बताया गया कि आरोपी अमित पाठक और आनंद पांडेय कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के पर्सनल स्टाफ हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here