जयपुर के वकील शुक्रवार को न्यायिक कामकाज से रहेंगे दूर

0
270

खबर का विवरण

जयपुर के वकील शुक्रवार को न्यायिक कामकाज से दूर रहेंगे। यह निर्णय केन्द्रीय विधि मंत्री के एक वीडियो को लेकर लिया गया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में मंत्री सीजेआई बीआर गवई की बीकानेर यात्रा की जानकारी दे रहे हैं।

वकीलों के मुताबिक, मंत्री के बयान को बीकानेर में हाईकोर्ट की बेंच स्थापित करने की कवायद से जोड़ा जा रहा है। इसी कारण जयपुर के वकील समुदाय में भ्रम और असंतोष उत्पन्न हुआ।

राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, दी बार एसोसिएशन और दी डिस्ट्रिक्ट एडवोकेट्स बार एसोसिएशन ने आपात बैठक बुलाई। बैठक में तीनों बार एसोसिएशन ने एक दिन न्यायिक कामकाज से दूर रहने का निर्णय लिया।

हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के महासचिव रमित पारीक ने बताया कि केंद्रीय मंत्री के वीडियो से वकीलों में गलत धारणाएं बनी हैं। उन्होंने कहा कि विधि मंत्री ने सीजेआई कार्यालय और बीकानेर दौरे से संबंधित बयान दिए हैं, जिससे पूरा विधिक समुदाय चिंतित है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में केंद्रीय मंत्री कह रहे हैं कि सितंबर में सीजेआई बीआर गवई बीकानेर दौरे पर आएंगे और उस समय ही कुछ जानकारी साझा की जाएगी। वकीलों का कहना है कि यह बयान हाईकोर्ट की बेंच स्थापना के विषय में भ्रम पैदा कर रहा है।

इस स्थिति के मद्देनजर, जयपुर के वकीलों ने शुक्रवार को सभी न्यायिक कार्यों में हिस्सा न लेने का निर्णय लिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here