मीरजापुर के गड़बड़ा शीतला धाम में 40 हजार भक्तों की भीड़, जयकारों से गूंजा परिसर

0
379

मीरजापुर के गड़बड़ा शीतला धाम में उमड़ा भक्तों का सैलाब

मीरजापुर, 29 सितंबर (हि.स.) – उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले के हलिया क्षेत्र स्थित गड़बड़ा शीतला धाम में सोमवार को भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। नवरात्र के अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगीं। कपाट खुलते ही लगभग 40 हजार भक्तों ने मां शीतला का दर्शन-पूजन किया।

भक्त हाथों में नारियल, चुनरी, माला और हलुवा-पूरी लेकर कतारों में खड़े नजर आए। दर्शन से पहले श्रद्धालुओं ने सेवटी नदी में स्नान किया और फिर मां शीतला को अर्पण किया। मंदिर परिसर घंटा-घड़ियाल और जयकारों से गूंजता रहा। इस दौरान दुर्गासप्तशती पाठ, सत्यनारायण व्रत कथा और बच्चों के मुंडन संस्कार भी संपन्न हुए।

नवरात्र के कारण आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी भारी संख्या में लोग पहुंचे। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिसकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। महिलाओं की भीड़ को संभालने के लिए महिला पुलिसकर्मी तैनात की गईं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव, मेला प्रभारी श्याम लाल, उपनिरीक्षक अच्छे लाल और पीएसी बल तैनात रहा।

हालांकि, साफ-सफाई की कमी से मंदिर परिसर में फिसलन की स्थिति बनी रही, जिससे श्रद्धालुओं को दिक्कतें झेलनी पड़ीं।

मंदिर के पुजारी मंगलधारी मिश्र ने बताया कि भोर से शाम तक लगभग 40 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया। वहीं, मंदिर प्रबंधक प्रकाश चंद्र शुक्ल, सुभाष चंद्र शुक्ल और ज्ञान चंद्र शुक्ल सीसीटीवी कैमरों से पूरी व्यवस्था पर नजर रखे हुए थे।

दर्शन के बाद भक्तों ने श्रृंगार सामग्री और जलेबी की खरीदारी भी की। नवरात्र के इस पावन अवसर पर गड़बड़ा शीतला धाम में आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here