भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का निधन, 94 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस

0
332

नई दिल्ली, 30 सितंबर (हि.स.) – भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का निधन हो गया। उन्होंने आज सुबह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के एम्स में 94 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। एम्स ने इसकी पुष्टि की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “श्री विजय कुमार मल्होत्रा जी एक उत्कृष्ट नेता थे, जिन्हें जन मुद्दों की गहरी समझ थी। उन्होंने दिल्ली में हमारी पार्टी को मज़बूत करने में अहम भूमिका निभाई। उन्हें संसदीय मामलों में उनके हस्तक्षेप के लिए भी याद किया जाता है। उनके निधन से दुःख हुआ। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ॐ शांति।”

विजय कुमार मल्होत्रा पिछले 45 वर्षों में दिल्ली से पांच बार सांसद और दो बार विधायक रहे। वर्ष 2004 के आम चुनाव में वे दिल्ली में अपनी सीट जीतने वाले एकमात्र भाजपा उम्मीदवार थे। राजनीति और सामाजिक गतिविधियों के अलावा, मल्होत्रा हिंदी साहित्य में डॉक्टरेट थे और शतरंज व तीरंदाजी क्लबों के प्रशासन में सक्रिय रहे।

मल्होत्रा का जन्म 3 दिसंबर 1931 को वर्तमान पाकिस्तान के लाहौर में हुआ था। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से राजनीति में कदम रखा और दिल्ली में संघ की विचारधारा के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का आकस्मिक निधन हो गया। उनका जीवन सादगी और जनसेवा को समर्पित रहा।”

सचदेवा ने यह भी बताया कि मल्होत्रा दिल्ली के प्रथम विकास पुरुष थे। 1970-75 के अपने मुख्य कार्यकारी पार्षद के कार्यकाल में पटेल नगर को मोती नगर से जोड़ने वाला दिल्ली का पहला फ्लाईओवर उन्होंने बनवाया।

विजय कुमार मल्होत्रा का जीवन राजनीति, साहित्य और समाज सेवा में प्रेरणा का स्रोत रहा, और उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here