धर्मशाला में गांधी जयंती पर भजनों और प्रभात फेरी से सराबोर हुआ माहौल

0
291

धर्मशाला, 2 अक्टूबर।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर धर्मशाला शहर वीरवार सुबह रघुपति राघव राजा राम के भजनों से सराबोर हो गया। कचहरी अड्डा में उपायुक्त हेमराज बैरवा की उपस्थिति में नागरिकों, स्कूल के बच्चों और कर्मचारियों ने प्रभात फेरी निकाली और शांति एवं सद्भाव का संदेश पूरे शहर में फैलाया।

फेरी के बाद गांधी वाटिका में उपायुक्त हेमराज बैरवा सहित गणमान्य अतिथियों ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर पुष्पमालाएं अर्पित की। इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने भजनों के माध्यम से राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित की।

समारोह के दौरान सर्वधर्म सभा का भी आयोजन किया गया। इसमें सेंट जोंस चर्च, जामा मस्जिद, गुरूद्वारा सिंह सभा और सनातन धर्म के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में कक्षा 12 की छात्रा रिदिमा और महाविद्यालय के छात्र मान चंद ने गांधीजी के जीवन और उनके सत्य एवं अहिंसा के संदेश पर अपने विचार व्यक्त किए।

उपस्थित सभी नागरिकों ने महात्मा गांधी के आदर्शों को जीवन में अपनाने और समाज में सत्य, अहिंसा और सद्भाव के मार्ग पर अग्रसर होने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और नागरिकों में गांधीजी के विचारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनके संदेश को रोजमर्रा की जिंदगी में लागू करना था।

धर्मशाला में आयोजित यह कार्यक्रम महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन मूल्यों और उनके द्वारा दिए गए संदेशों को याद करने का अवसर बना, जिससे सभी ने समाज में शांति और सहयोग की भावना को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here