नवलगढ़ में पत्नी ने प्रेमी से करवाई पति की हत्या, चार साल से लिव-इन में रह रही थी संगीता

0
306

पत्नी ने प्रेमी से करवाई पति की हत्या

झुंझुनू, 27 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान के नवलगढ़ कस्बे में पत्नी के प्रेमी द्वारा पति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी के लिव-इन पार्टनर और उसके साथियों ने पति की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। यह वारदात 20 अक्टूबर की है, जिसका खुलासा सोमवार को हुआ।

हत्या का राज उजागर

थानाधिकारी राधेश्याम सांखला ने बताया कि मृतक की पत्नी संगीता पिछले चार साल से अपने पति कैलाश मेघवाल को छोड़कर प्रेमी संदीप भास्कर के साथ लिव-इन में रह रही थी। रंजिश के चलते संगीता ने प्रेमी को हत्या के लिए उकसाया। 20 अक्टूबर की रात संदीप और उसके दोस्तों ने कैलाश का अपहरण कर बिड़ोदी जोहड़ के पास लोहे की सरियों से हमला किया। कैलाश को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

पांच आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने जांच के दौरान संदीप भास्कर, प्रदीप सिंह, अमित मेघवाल, अशोक कुमार और पत्नी संगीता को गिरफ्तार किया। पहले मामला अपहरण और जानलेवा हमले का था, लेकिन अब हत्या की धाराएं जोड़ी गई हैं।

कैसे हुआ खुलासा

कैलाश ने मरने से पहले दिए बयान में बताया था कि वह रात करीब 8:30 बजे अपने दोस्त महेंद्र सैनी के साथ बाइक से घर जा रहा था, तभी बिना नंबर की कैंपर गाड़ी में सवार आरोपियों ने उन्हें रोका और अगवा कर लिया। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन से पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा।

पारिवारिक विवाद से जुड़ा था मामला

महिला घटना वाले दिन अपने बच्चों से मिलने आई थी। पति-पत्नी में झगड़ा हुआ, जिसके बाद उसने प्रेमी को बुलाकर हमला करवाया। कैलाश की शादी 2011 में हुई थी और उसके दो बच्चे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here