भोपाल। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी खजुराहो में आज से सात दिवसीय खजुराहो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का भव्य शुभारंभ हो रहा है। यह महोत्सव शिल्पग्राम परिसर में आयोजित किया जा रहा है, जो 22 दिसंबर तक चलेगा। यह खजुराहो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का 11वां संस्करण है।
इस वर्ष का महोत्सव दिवंगत अभिनेता धर्मेन्द्र और असरानी को समर्पित रहेगा। अभिनेता एवं महोत्सव के आयोजक राजा बुंदेला ने जानकारी दी कि इस बार 20 देशों के सांस्कृतिक प्रतिनिधि समारोह में भाग लेंगे। इसके साथ ही मुंबई फिल्म इंडस्ट्री के कई नामचीन अभिनेता-अभिनेत्री और विदेशी कलाकार भी इस आयोजन की शोभा बढ़ाएंगे।
महोत्सव के दौरान मनमोहन शेट्टी, रमेश सिप्पी, बोनी कपूर, गोविंद निहलानी, प्रहलाद कक्कड़, नितिन नंदा और चंद्रप्रकाश द्विवेदी जैसे सिने जगत के दिग्गज विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
🎬 फिल्मों का प्रदर्शन और विशेष आयोजन
खजुराहो परिक्षेत्र में सात टपरा सिनेमाहालों में देश-विदेश की सर्वश्रेष्ठ फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही नवोदित फिल्मकारों की चयनित शॉर्ट फिल्मों को भी दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। ये टपरा सिनेमाहाल कलाकारों, निर्देशकों, फिल्म प्रेमियों, पर्यटकों और स्थानीय दर्शकों के लिए प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
🎭 सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान
हर शाम मुख्य मंच पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा कला, साहित्य, पत्रकारिता, समाज सेवा और सिनेमा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।
🎓 कार्यशालाएं और मास्टर क्लास
फिल्म कलाकारों और विद्यार्थियों के लिए फिल्म, रंगमंच और तकनीकी कार्यशालाओं के साथ-साथ मास्टर क्लास का भी आयोजन किया जाएगा। इन सत्रों में एफटीआईआई पुणे और राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, नई दिल्ली के विषय विशेषज्ञ, प्रसिद्ध निर्देशक और अभिनेता प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देंगे। साथ ही व्याख्यान सत्रों में फिल्म समीक्षक, पत्रकार और सिने विशेषज्ञ भाग लेंगे।




