सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी से औरैया में तनाव, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

0
279

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी से औरैया में तनाव, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के थाना अयाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को लेकर क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई है। वायरल वीडियो में एक धार्मिक संत के विरुद्ध आपत्तिजनक और धमकी भरी टिप्पणी किए जाने से लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, योगेश यादव पुत्र सुभद्र सिंह, निवासी असेवटा, थाना अयाना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अयोध्या हनुमानगढ़ी के महंत राजूदास महाराज के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी की। यह वीडियो 15 दिसंबर 2025 को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई।

धमकी भरी भाषा से बढ़ी संवेदनशीलता

क्षेत्र भ्रमण के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि वायरल वीडियो को लेकर आमजन में रोष व्याप्त है और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। वीडियो में आरोपी द्वारा महंत राजूदास महाराज के औरैया में प्रस्तावित मंदिर उद्घाटन समारोह के दौरान उन्हें “बचकर न निकलने देने” जैसी धमकी भरी भाषा का प्रयोग किया गया है। इसके साथ ही आसपास के जनपदों के कुछ राजनीतिक कार्यकर्ताओं से आवाहन भी किया गया है, जिससे स्थिति और अधिक संवेदनशील हो गई।

पुलिस ने सुरक्षित किया साक्ष्य, दर्ज हुआ मुकदमा

मामले की गंभीरता को देखते हुए वायरल वीडियो को पेन ड्राइव में सुरक्षित कर थानाध्यक्ष अयाना को सौंपा गया। इसके बाद संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस प्रशासन अलर्ट

थाना अयाना के थानाध्यक्ष अजय कुमार ने मंगलवार सुबह बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की अफवाह या अशांति फैलाने वालों पर सख्त नजर रखी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here