राजस्थान के तीर्थ यात्रियों की बस आष्टा-कन्नौद रोड पर अनियंत्रित हाेकर पलटी, 35 लोग घायल

0
203

देवास, 26 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास में कन्नौद-आष्टा मार्ग पर कन्नौद थाना क्षेत्र में कतलाय घाट पर रविवार देर रात राजस्थान के तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में लगभग 35 लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए कन्नौद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहाँ उनका प्राथमिक उपचार किया गया। घायलों में अधिकतर राजस्थान के उदयपुर जिले के निवासी हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

जानकारी अनुसार उदयपुर राजस्थान के तीर्थ यात्रियों की बस कन्नौद कुसमानिया के बीच कतलाय घाट पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख पुकार मच गई। सूचना मिलने के बाद टीआई कन्नौज तहजीब काजी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस और डायल 100 की मदद से घायलों को कन्नौद के सरकारी अस्पताल लाया गया। हादसे में करीब 35 लोग घायल हुए हैं। इनमें से दो को कंधे में फ्रैक्चर हुए हैं। अधिकांश घायलों का प्राथमिक उपचार करके छुट्टी कर दी गई। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। प्रशासन द्वारा यात्रियों के विश्राम के इंतजाम भी रात में करवाए गए। कन्नौद बीएमओ डॉक्टर लोकेश मीणा ने बताया अधिकांश यात्रियों को सामान्य चोट आई थी, किसी को भी गंभीर चोट नहीं है। पुलिस के मुताबिक ज्यादातर यात्री राजस्थान के उदयपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं। यह लोग हरिद्वार, चित्रकूट सहित अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा के लिए निकले थे।

बता दें कि कन्नौद के आसपास तीन प्रमुख घाट हैं। इनमें से कलवार घाट इंदौर-बैतूल हाईवे पर है जबकि कन्नौद-आष्टा मार्ग पर जंजालखेड़ी व कतलाय घाट पड़ते हैं। तीनों ही घाट डेंजर जोन बने हुए हैं। कलवार घाट पर तीन-चार दिन पहले दो बाइक की भिड़ंत के बाद सड़क पर गिरे छह लोगों में से तीन को ट्रक ने कुचल दिया था, जिसमें तीनों की मौके पर मौत हो गई थी। इस घाट पर पहले भी हादसे हो चुके हैं। वहीं जंजालखेड़ी घाट पर भी हर दो-चार दिन में हादसे हो रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here