मवेशी बचाने के चक्कर में हादसा, चालक की दर्दनाक मौत

0
217

जालौन, 10 जून (हि.स.)। झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे-27 पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में डीसीएम चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब हाईवे पर अचानक आवारा जानवर आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में डीसीएम आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी।

मृतक की पहचान अजय अहिरवार (24) निवासी बड़ी माता मंदिर, निवाड़ी (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अजय डीसीएम लेकर झांसी से कानपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह जालौन जिले के भीतर हाईवे पर पहुंचा, अचानक एक आवारा जानवर सड़क पर आ गया। जानवर को बचाने की कोशिश में अजय ने डीसीएम को मोड़ा, लेकिन तभी उसका वाहन आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ा। हादसा इतना जबरदस्त था कि डीसीएम का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर तैनात पुलिस पिकेट टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। मृतक अजय के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here