अनवरगंज स्वास्थ्य केंद्र: आठ कर्मचारी अनुपस्थित, डीएम ने वेतन काटने का आदेश

0
252

औचक निरीक्षण में लापरवाही उजागर

कानपुर, 8 सितंबर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार सुबह अनवरगंज स्थित नगरीय स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आठ कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही सामने आई।

अनुपस्थित कर्मचारियों पर कार्रवाई

उपस्थिति पंजिका की जांच में एक स्थायी और सात संविदा कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इनमें बीएचडब्ल्यू शिल्पी सक्सेना, स्टाफ नर्स अंजलि, एएनएम रेनू पांडे, मीना देवी, पुष्पा देवी, अरविंद कुमार, अभिनव तिवारी और मोहित शुक्ला शामिल हैं। डीएम ने इनका एक दिन का वेतन काटने और संविदा कर्मचारियों को नोटिस जारी करने का आदेश दिया।

लैब और दवा वितरण पर नाराजगी

निरीक्षण के दौरान एमओआईसी डॉ. दीप्ति गुप्ता ने बताया कि सहायक शोध अधिकारी नम्रता वर्मा सीएमओ कार्यालय में संबद्ध हैं। इस पर डीएम ने संबद्धिकरण की औचित्य रिपोर्ट मांगी।
लैब टेक्नीशियन अनुज ने जानकारी दी कि सितंबर माह में अब तक केवल 14 जांचें हुई हैं। डीएम ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई और जांच संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और मरीजों को समय पर दवा देने पर जोर दिया।

डीएम का सख्त संदेश

डीएम ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों का मुख्य उद्देश्य जनता को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here