अशोकनगर में खाद टोकन को लेकर हंगामा, किसानों ने ऑफिस में की तोड़फोड़ और पथराव

0
223

खाद वितरण के दौरान किसानों का सब्र टूटा

अशोकनगर, 3 नवंबर (हि.स.)।
मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में सोमवार को डीएपी खाद के टोकन वितरण के दौरान किसानों का सब्र टूट गया। एमपी स्टेट एग्रो वेयरहाउस कार्यालय में किसानों ने जमकर हंगामा और पथराव किया। इस दौरान कार्यालय की खिड़कियां और दरवाजे टूट गए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

टोकन वितरण में अव्यवस्था पर भड़के किसान

पुरानी कृषि उपज मंडी में खाद का टोकन लेने के लिए सुबह से लंबी लाइनें लगी थीं। इसी दौरान एक किसान बेहोश होकर गिर गया, जिससे नाराज किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने विदिशा बाईपास पर चक्का जाम कर दिया और टोकन वितरण में गड़बड़ी का आरोप लगाया। कुछ किसानों ने कर्मचारियों के हाथ से टोकन छीनने की भी कोशिश की।

पुलिस और प्रशासन ने संभाली स्थिति

घटना की सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप चौहान, तहसीलदार भारतेंदु यादव, नायब तहसीलदार शंभू मीना और कृषि उपसंचालक अमित सिंह भदौरिया मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। बाद में टोकन वितरण का काम खाली मैदान में दोबारा शुरू किया गया, लेकिन वहां भी धक्का-मुक्की और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

किसानों और प्रबंधन के आरोप

वेयरहाउस मैनेजर रणजीत तिवारी ने बताया कि सुबह भीड़ के दौरान कुछ किसानों ने उपद्रव मचाया और कर्मचारियों पर पत्थर फेंके, जिससे कुछ को चोटें आईं। वहीं किसानों का कहना है कि वे रातभर से लाइन में हैं, लेकिन टोकन वितरण में अव्यवस्था और देरी के कारण उन्हें परेशानी झेलनी पड़ी। अधिकारियों ने शांति बनाए रखने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here