बलरामपुर लुत्ती डैम हादसा: मुख्यमंत्री साय ने जताया गहरा शोक, राहत कार्यों के दिए निर्देश

0
427

बलरामपुर में लुत्ती डैम हादसा, मुख्यमंत्री साय ने जताया गहरा शोक

रायपुर, 3 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के ग्राम धनेशपुर में लुत्ती (सतबहिनी) डैम टूटने की घटना से चार लोगों की मौत हो गई, तीन घायल और तीन लापता हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।

राहत एवं बचाव कार्य

मुख्यमंत्री ने बताया कि भारी वर्षा के कारण उत्पन्न इस प्राकृतिक आपदा में जनहानि के साथ-साथ भवनों, फसलों और पशुओं को भी नुकसान हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय टीमों को राहत एवं बचाव कार्य तेजी से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। घायलों के उपचार की समुचित व्यवस्था कराई गई है और लापता लोगों की खोज जारी है।

पीड़ित परिवारों के लिए सहायता

साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों को अस्थायी आश्रय, खाद्यान्न और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मकान, फसल और पशुहानि का विस्तृत सर्वे कर शीघ्र राहत सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और हरसंभव सहायता एवं सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री का संदेश

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह अत्यंत दुखद और पीड़ादायी घटना है और प्रदेश सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने जनहानि के लिए शासकीय नियमों के अनुरूप अनुग्रह सहायता प्रस्ताव जल्द तैयार करने के निर्देश भी दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here