बनियापुर हत्याकांड: पुलिस ने सोशल मीडिया पर अफवाह न फैलाने की अपील, भ्रामक पोस्टों का खंडन

0
265

बनियापुर हत्याकांड में पुलिस ने सोशल मीडिया पर अफवाह न फैलाने की अपील

सारण, 29 नवंबर (हि.स.)। जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र के परसा टोला में हुई मारपीट और उसके बाद अनुज कुमार की मौत के मामले ने सोशल मीडिया पर तेजी से तूल पकड़ लिया है। घटना को लेकर कई प्लेटफॉर्म पर भ्रामक, भड़काऊ और राजनीतिक रंग देने वाले पोस्ट साझा किए जा रहे हैं। सारण पुलिस ने ऐसे सभी दावों का स्पष्ट रूप से खंडन करते हुए लोगों से अफवाहों के प्रसार से दूर रहने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह घटना व्यक्तिगत विवाद और कहासुनी के चलते हुई है। अब तक किसी भी प्रकार का राजनीतिक, जातीय या साम्प्रदायिक कोण सामने नहीं आया है। पुलिस ने कहा कि मामले को गलत दिशा देने के लिए सोशल मीडिया पर कई भ्रामक सूचनाएं फैलाई जा रही हैं, जिनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।

वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. कुमार आशीष ने नागरिकों से शांत और जिम्मेदार बने रहने की अपील करते हुए कहा,
“किसी भी भड़काऊ, अविश्वसनीय या जातीय तनाव फैलाने वाली पोस्ट पर विश्वास न करें। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाना दंडनीय अपराध है। ऐसी हर गतिविधि पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

एसएसपी ने यह भी कहा कि पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह दोहराया कि सोशल मीडिया पर फैल रही झूठी सूचनाएं न केवल समाज में तनाव पैदा कर सकती हैं, बल्कि जांच को भी प्रभावित करती हैं।

उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि किसी भी संदिग्ध या भ्रामक पोस्ट की तुरंत पुलिस को सूचना दें और बिना सत्यापन के किसी भी सामग्री को फॉरवर्ड न करें।

सारण पुलिस का मानना है कि जनता के सहयोग से ही घटना की सच्चाई सामने लाने और शांति बनाए रखने में मदद मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here