भागलपुर में आंधी और बारिश के बीच बड़ा हादसा
बिहार के भागलपुर जिले में तेज आंधी और बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गोराडीह थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव में बिजली का पोल गिरने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
झोपड़ी पर गिरा बिजली का पोल
मृतका की पहचान भोजपुर गांव निवासी 45 वर्षीय रंजू देवी, पति पुजारी मंडल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात तेज आंधी और बारिश के दौरान रंजू देवी अपने झोपड़ीनुमा घर में सो रही थीं। इसी दौरान झोपड़ी के पास लगा बिजली का पोल अचानक तेज हवा के कारण गिर पड़ा और सीधे उनके घर पर जा गिरा।
हादसा इतना भयावह था कि पोल के नीचे दबने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मचा हड़कंप
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद गोराडीह थाना पुलिस बुधवार तड़के घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिवार में मचा कोहराम
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतका के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सहायता देने की मांग की है।



