बिजनौर में एयर फोर्स जवान के घर 50 लाख की चोरी, चोरों ने माता-पिता को कमरे में किया बंद

0
246

बिजनौर में एयरफोर्स जवान के घर बड़ी वारदात

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नूरपुर थाना क्षेत्र के नंगली जाजू गांव में भारतीय वायुसेना के जवान के घर चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने घर में मौजूद माता-पिता को कमरों में बंद कर करीब 50 लाख रुपये की नकदी और जेवरात चोरी कर लिए।

पीड़ित परिवार के अनुसार यह चोरी बीती रात उस समय हुई, जब घर के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। चोरों ने पहले माता-पिता के कमरों को बाहर से बंद कर दिया और फिर एयरफोर्स जवान शगुन चौधरी के कमरे को निशाना बनाया।

शादी के गहनों पर हाथ साफ

शगुन चौधरी की शादी 22 नवंबर को हुई थी। 11 दिसंबर को छुट्टी समाप्त होने के बाद वह ड्यूटी पर लौट गए थे, जबकि उनकी पत्नी अपने मायके में थी। शादी में मिले सोने-चांदी के भारी आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान उसी कमरे में रखा हुआ था।

परिवार के मुखिया देवेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी बहू को लगभग 20 तोले सोना दिया था और बहू के परिवार की ओर से भी बड़ी मात्रा में जेवरात मिले थे। यह सारा सामान चोर ले गए। साथ ही 70-80 हजार रुपये नकद भी चोरी हुआ है।

सुबह हुआ खुलासा

सुबह जब देवेंद्र सिंह जागे तो उनके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाया गया। इसके बाद बेटे के कमरे में चोरी देख परिवार के होश उड़ गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस कर रही जांच

मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीओ चांदपुर देश दीपक सिंह ने बताया कि प्रारंभिक आकलन में चोरी करीब 7 से 8 लाख रुपये की लग रही है, हालांकि पीड़ित ने करीब 50 लाख रुपये की चोरी का दावा किया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here