आकाश आनन्द के दोबारा मुख्य नेशनल कोआर्डिनेटर बनाने से कुछ लोगों में बेचैनी : मायावती

0
357

लखनऊ, 02 जून (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने बिना नाम लिए आजाद समाज पार्टी के मुखिया चंद्रशेखर आजाद पर निशाना साधा है। मायावती ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि आकाश आनंद के दोबारा नेशनल के कोऑर्डिनेटर बनने से कुछ लोगों में बेचैनी दिखाई दे रही है।

मायावती ने एक्स पर एक के बाद एक पोस्ट में लिखा कि देश में बीएसपी बहुजन हित की एकमात्र अम्बेडकरवादी पार्टी है तथा पार्टी हित में लोगों पर कार्रवाई करने व पश्चताप करने पर उन्हें वापस लेने की परम्परा है। इसी क्रम में आकाश आनन्द के उतार-चढ़ाव व उन्हें मुख्य नेशनल कोआर्डिनेटर बनाने से बहुत से लोगों में बेचैनी स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि पार्टी को उम्मीद है कि अब आकाश आनन्द बाबा साहेब डॉ. भीमराव आम्बेडकर एवं मान्यवर कांशीराम के आत्म-सम्मान के कारवां को आगे बढ़ाने व उनके सपनों को साकार करने की जिम्मेदारी पूरी तनम्यता व जी-जान से निभाएंगे। अर्थात पार्टी को अवसरवादी व स्वार्थी लोगों की कतई जरूरत नहीं।

मायावती ने आगे कहा कि वैसे भी कांग्रेस, भाजपा व सपा आदि पार्टियों के सहारे व इशारे पर चलकर बहुजनों की एकता व बीएसपी को कमजोर करने वाले बरसाती मेंढकों की तरह के संगठन व दलों के नेता चाहे निजी स्वार्थ में विधायक, सांसद व मंत्री क्यों ना बन जाएं, इनसे समाज का कुछ भला होने वाला नहीं है। लोग सावधान रहें।

उल्लेखनीय है कि लखनऊ में आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चन्द्रशेखर आजाद ने प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन किया था। इस दौरान चन्द्रशेखर ने बीएसपी में आकाश आनंद की दोबारा वापसी पर कहा था कि जनता उन्हें नकार चुकी है। मजबूरीवश उन्हें निकाला और लिया जा रहा है। उनके पास कोई विकल्प नहीं है। साथ ही कहा था कि आजाद समाज पार्टी ही बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर के विचारों और विरासत का प्रतिनिधित्व करती है।

सोमवार को बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती के बयान में बरसाती मेढ़क जैसे शब्दों का उपयोग सांसद चन्द्रशेखर की ओर से ही इशारा करता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here