भीलवाड़ा बाईपास पर बस पलटी, 25 से अधिक लोग घायल

0
285

भीलवाड़ा, 13 जनवरी (हि.स.)। भीलवाड़ा बाईपास पर धूल खेड़ा के निकट सोमवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। डिवाइडर पार कर एक बस पलटने से 25 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मांडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मांडल के अस्पताल और भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया। महात्मा गांधी अस्पताल के आकस्मिक चिकित्सा कक्ष में तीन एंबुलेंस के जरिए 21 घायलों को पहुंचाया गया। ड्यूटी पर तैनात नर्स दिनेश परिहार ने बताया कि इनमें से 12 घायलों को भर्ती किया गया, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सभी यात्री उज्जैन से पुष्कर की यात्रा पर थे और मध्य प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

मांडल थाना पुलिस के दीवान ने बताया कि कुछ घायलों को मांडल अस्पताल में भी उपचार के लिए ले जाया गया। जो यात्री हादसे में घायल नहीं हुए थे, उन्हें पास के एक होटल में ठहराया गया है।

मांडल थाना पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस डिवाइडर पार करते समय अनियंत्रित हो गई, जिससे यह हादसा हुआ। घायलों में अधिकांश की हालत सामान्य बताई जा रही है, लेकिन कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। एंबुलेंस और स्थानीय नागरिकों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। यात्रियों की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है।

घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि बस उज्जैन से पुष्कर के लिए निकली थी। यह हादसा तड़के उस समय हुआ जब अधिकतर यात्री गहरी नींद में थे। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन ने यात्रियों के परिजनों को सूचना देने और उनकी मदद के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। पुलिस ने लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here