शिमला : डॉक्टर की कार के चारों टायर ले गए चोर

0
375

शिमला, 29 जनवरी (हि.स.)। राजधानी शिमला में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला शहर के कुफ्टाधार क्षेत्र का है जहां अज्ञात चोरों ने आईजीएमसी शिमला में कार्यरत डॉक्टर ध्रुव गुप्ता की कार से चारों टायर चोरी कर लिए। इस वारदात ने न केवल वाहन मालिक को परेशान किया। बल्कि इलाके के अन्य वाहन मालिकों में भी डर पैदा कर दिया है।

पीड़ित डॉक्टर ने इस घटना की शिकायत थाना सदर शिमला में दर्ज कराई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डॉक्टर ध्रुव गुप्त शिमला के वर्मा अपार्टमेंट कुफ्टाधार में रहते हैं। उन्होंने 27 जनवरी की शाम अपनी कार (गाड़ी नंबर HP29B-9671) को वर्षा शालिका के पास पार्क किया था। अगली सुबह 28 जनवरी जब उन्होंने कार को देखा तो उनके होश उड़ गए। गाड़ी के चारों टायर गायब थे और कार पत्थरों पर खड़ी थी।

चोरी का यह तरीका शिमला में बेहद असामान्य और चौंकाने वाला है। आमतौर पर वाहन चोरी होने की घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन पूरी गाड़ी के चारों टायर खोलकर ले जाने की यह वारदात से लोग हैरान हैं।

चोरी की इस घटना के बाद शिमला पुलिस ने जांच तेज कर दी है। थाना सदर पुलिस कुफ्टाधार क्षेत्र के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। ताकि कोई सुराग मिल सके।

शिमला पुलिस के एक पुलिस अधिकारी के अनुसार शहर में इस तरह की चोरी की घटना दुर्लभ है। लेकिन यह संकेत देती है कि अपराधी अब नए-नए तरीकों से वारदात को अंजाम देने लगे हैं।

उन्होंने बताया कि इस मामले में आसपास के इलाकों में बेचे गए टायरों की जानकारी भी एकत्र की जा रही है। जिससे चोरी किए गए टायरों का पता लगाया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here