कैरियर प्वाइंट विश्वविद्यालय की छात्राओं ने ठाकुर रामसिंह इतिहास शोध संस्थान नेरी का शैक्षणिक भ्रमण किया

0
332

हमीरपुर, 20 मई (हि.स.)। कैरियर प्वाइंट विश्वविद्यालय हमीरपुर की छात्राओं ने हाल ही में ठाकुर रामसिंह इतिहास शोध संस्थान नेरी का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस अवसर पर छात्राओं ने संस्थान के पुस्तकालय, संग्रहालय तथा अभिलेखागार का अवलोकन किया और वहां उपलब्ध शोध सामग्री का अध्ययन किया।

भ्रमण के दौरान संस्थान के निदेशक डॉ. चेतराम गर्ग ने छात्राओं से वर्तमान भारत-पाकिस्तान संघर्ष एवं वैश्विक परिस्थितियों के संदर्भ में संवाद किया। उन्होंने छात्राओं को ऐतिहासिक तथ्यों और समसामयिक मुद्दों के मध्य संबंध स्थापित करने पर बल दिया।

छात्राओं ने संस्थान के अध्ययन हेतु शांतिपूर्ण वातावरण, समृद्ध पुस्तक संग्रह और अभिलेखीय स्रोतों की सराहना की। उन्होंने भविष्य में पुनः यहां आकर शोध कार्य करने की इच्छा भी प्रकट की।

इस अवसर पर शोध संस्थान के उपाध्यक्ष विजय शर्मा, कोषाध्यक्ष देशराज शर्मा, रमेश रांगड़ा, मिहिर बोराना तथा विश्वविद्यालय की ओर से अधिष्ठाता प्रो. मोती राम शर्मा, सहायक आचार्य डॉ. प्रियंका, डॉ. राकेश सहित कुल 15 छात्राएं उपस्थित रहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here