छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड, सरगुजा–बिलासपुर–दुर्ग–रायपुर संभाग में शीतलहर का अलर्ट जारी

0
324

रायपुर, 12 दिसंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। उत्तर भारत में समय से पहले हुई भारी बर्फबारी और उत्तर–पश्चिमी ठंडी हवाओं के कारण राज्य का तापमान लगातार गिर रहा है। मौसम विभाग ने सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग के कई क्षेत्रों में अगले 48 घंटों तक शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।

उत्तर छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। इसके अलावा कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, गौरेला–पेंड्रा–मरवाही और बिलासपुर में भी सुबह–शाम तेज बर्फीली हवाएं चल रही हैं। राजधानी रायपुर और दुर्ग संभाग में भी ठंड ने लोगों को प्रभावित किया है। रायपुर में सुबह घना धुंध छाया रहा, जिससे दृश्यता कम रही।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर भारत से लगातार आ रही ठंडी हवाएं मध्य भारत तक पहुंच रही हैं, जिसके कारण दिसंबर की शुरुआत से ही छत्तीसगढ़ में शीतलहर जैसी स्थिति बन गई है। प्रदेश में मौसम फिलहाल शुष्क है, लेकिन न्यूनतम तापमान में अचानक गिरावट देखी जा रही है।

पिछले 24 घंटों में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.2°C दुर्ग में दर्ज हुआ, जबकि अंबिकापुर 4.9°C के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में दिन का तापमान 28°C से 30°C के बीच रहेगा, जबकि रात का तापमान 6°C से 13°C के बीच रहने की संभावना है।

शीतलहर का सबसे अधिक प्रभाव सरगुजा, बिलासपुर और बस्तर संभाग में देखने को मिल सकता है। विभाग ने लोगों को सुबह और रात में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here