अंतर्राष्ट्रीय अवार्ड के लिए नामांकित हुआ छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग

0
478

उत्कृष्ट प्रबंधन के लिए अंतर्राष्ट्रीय सम्मान की ओर

रायपुर, 25 सितंबर। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग को स्थानीय निकाय चुनाव 2025 के उत्कृष्ट प्रबंधन हेतु अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अवार्ड के लिए नामांकित किया गया है। यह सम्मान आयोग को संयुक्त राष्ट्र लोक प्रशासन नेटवर्क (यूएनपीएएन) से संबद्ध संस्था अंतर्राष्ट्रीय संसदीय अध्ययन केंद्र (आईसीपीएस) द्वारा दिया जाएगा।

पारदर्शिता और नवाचार की मान्यता

राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह के नेतृत्व में आयोग द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव को आईसीपीएस ने स्वीकार किया है। नगरपालिका और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 को एक साथ संपन्न कराने की पहल को संस्था ने उत्कृष्ट उपलब्धि माना है। इसी आधार पर आयोग को विजेता अवार्ड या विशेष मान्यता पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है।

आईसीपीएस : लोकतंत्र पर शोधरत संस्था

आईसीपीएस का मुख्यालय लंदन (यू.के.) के मिलबैंक टावर में स्थित है। यह संस्था संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) की सहयोगी है। संस्था विश्वभर में लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं पर अध्ययन और अनुसंधान करती है तथा सरकारों को सुझाव प्रदान करती है।

गेब्रोन (बोत्सवाना) में होगा आयोजन

अवार्ड वितरण कार्यक्रम 1 से 4 अक्टूबर 2025 तक बोत्सवाना की राजधानी गेब्रोन में होगा। आईसीपीएस ने छत्तीसगढ़ निर्वाचन आयोग के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया है। आयोग की ओर से सुखनाथ अहिरवार, सचिव आलोक कुमार श्रीवास्तव और उप सचिव इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। विदेश प्रवास की अनुमति मिलने पर वे छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here