सीएलएन एनर्जी ने स्टॉक मार्केट में फीकी एंट्री के बाद लगाई छलांग, खरीदारी के सपोर्ट से लगा अपर सर्किट

0
271

नई दिल्ली, 30 जनवरी (हि.स.)। इलेक्ट्रिक व्हीकल के पार्ट्स और लिथियम आयन बैट्री बनाने वाली कंपनी सीएलएन एनर्जी के शेयरों की आज स्टॉक मार्केट में फीकी एंट्री हुई। हालांकि लिस्टिंग होने के तुरंत बाद खरीदारी के सपोर्ट से कंपनी के शेयर अपर सर्किट लेवल पर पहुंच गए। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 250 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयर सिर्फ 2.4 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 256 रुपये के भाव पर लिस्ट हुए। लिस्टिंग होने के तुरंत बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे थोड़ी ही देर में शेयर 268.80 रुपये के अपर सर्किट लेवल पर पहुंच गए। इस तरह पहले दिन ही कंपनी की आईपीओ निवेशकों को 7.25 प्रतिशत का मुनाफा हो गया।

सीएलएन एनर्जी का 72.30 करोड़ रुपये का आईपीओ 23 से 26 जनवरी के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। ये आईपीओ ओवरऑल 5.42 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इनमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए रिजर्व पोर्शन 1.07 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसी तरह नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) के लिए रिजर्व पोर्शन में 8.61 गुना सब्सक्रिप्शन आया था। इसके अलावा रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 6.55 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 28.92 लाख नए शेयर जारी किए गए हैं। आईपीओ के जरिए जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कंपनी मशीनरी और इक्विपमेंट की खरीदारी करने, वर्किंग कैपिटल की जरूरत को पूरा करने और आम कॉर्पोरेट उद्देश्यों में करेगी।

कंपनी की वित्तीय स्थिति की बात करें तो प्रॉस्पेक्टस में किए गए दावे के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत उतार-चढ़ाव के बावजूद मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2021-22 में कंपनी को 3.64 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो अगले वित्त वर्ष 2022-23 में गिर कर 73 लाख रुपये के स्तर पर आ गया। हालांकि 2023-24 में कंपनी की स्थिति में सुधार हुआ, जिससे इसका शुद्ध लाभ बढ़ कर 9.79 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का राजस्व 4 प्रतिशत वार्षिक से अधिक की चक्रवृद्धि दर से बढ़ कर 132.86 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर 2024 के बीच कंपनी को 4.64 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हो चुका है। इस तरह इस अवधि में कंपनी 75.84 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल कर चुकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here