मुख्यमंत्री ने भगवान बुद्ध की पूजा-अर्चना कर की विश्व कल्याण की कामना

0
390

पटना, 12 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को भगवान बुद्ध की जयंती पर शहर के बुद्ध स्मृति पार्क में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल हुये और भगवान बुद्ध की विशेष पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री को बौद्ध भंते द्वारा बुद्ध स्मृति पार्क में प्रतिस्थापित भगवान बुद्ध की प्रतिमा, बोधगया के बोधिवृक्ष, आनंद बोधि वृक्ष तथा श्रीलंका के अनुराधापूरम से लाये गए वृक्ष की पूजा-अर्चना करायी गई।

मुख्यमंत्री ने इस पावन अवसर पर बुद्ध स्मृति पार्क स्थित पाटलिपुत्र करुणा स्तूप में भगवान बुद्ध की पवित्र अस्थि के सामने भी पूजा-अर्चना, परिक्रमा और ध्यान किया। उन्होंने बौद्ध भिक्षुओं के साथ बैठकर राज्य, देश और विश्व शांति के लिए मंगल कामना तथा सुख, समृद्धि एवं अमन-चैन के लिये प्रार्थना की।

पूजा-प्रार्थना के पश्चात् मुख्यमंत्री ने विपश्यना केंद्र जाकर वहां की सारी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और वहां ध्यान भी किया। विपश्यना केंद्र के संचालकों ने विपश्यना केंद्र के निर्माण एवं वहां उपलब्ध करायी जानेवाली सुविधाओं को लेकर मुख्यमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने 1 अणे मार्ग स्थित अपने आवास में भी बौद्ध शिला तथा बोधिवृक्ष की पूजा-अर्चना कर संपूण विश्व के कल्याण एवं सुख, समृद्धि तथा अमन चैन की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here