राजस्थान के कई जिलाें में सुबह-शाम के समय सर्दी का जोर

0
325

जयपुर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। राजस्थान के कई जिलाें में सुबह-शाम के समय सर्दी का जोर है। सीकर, पिलानी समेत आठ शहरों में न्यूनतम तापमान दस डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। दिन के तापमान में अब धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगी। अगले 48 घंटे के दौरान अधिकांश शहरों में दिन के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान है, जिसके कारण एक बार फिर गर्मी महसूस होने लगेगी। न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी होने से सुबह-शाम की सर्दी में कमी होगी।

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य का मौसम शुष्क रहा। जयपुर, कोटा, उदयपुर, भरतपुर, गंगानगर, सीकर, पाली समेत लगभग सभी शहरों में आसमान साफ रहा और धूप निकली। इस कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी भी हुई।

कल दिन का सबसे अधिक तापमान बाड़मेर जिले में 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जैसलमेर में भी कल दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई। यहां अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 32.2, जोधपुर में 31.4, फलौदी में 31.6, डूंगरपुर में 32.9, जालोर में 32.8, बीकानेर में 30.3, प्रतापगढ़ में 30.1, उदयपुर में 29.8, कोटा में 28 और अजमेर में 29.2 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया।

राजधानी जयपुर में सुबह-शाम ठंडक रही, लेकिन दिन में हल्की गर्मी रही। दिन में अधिकतम तापमान 28.5 और न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

जयपुर मौसम केन्द्र ने राजस्थान में अगले 48 घंटे के दौरान कई शहरों के तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान जताया है। इस दौरान सभी शहरों में मौसम शुष्क रहेगा और तेज धूप रहने की आशंका है। राजस्थान में 27 फरवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से राज्य में बादल छाएंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस सिस्टम का असर एक मार्च तक रहने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here