असम: शालकोसा पुलिस चौकी से चोरी का आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस

0
385

📍 धुबड़ी (असम), 17 जून (हि.स.) — असम के धुबड़ी जिले के चापर थाना अंतर्गत शालकोसा पुलिस चौकी से एक आरोपी के फरार होने की घटना से हड़कंप मच गया है। सोमवार शाम को एक चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी सफीयर रहमान, निवासी दुधनाथ, पुलिस की हिरासत से भाग निकला।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, आरोपी की फरारी में ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों की लापरवाही सामने आई है, जिससे आरोपी को चौकी से भागने का अवसर मिल गया। फरारी के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और स्थानीय पुलिस पर सवाल उठने लगे हैं।

फरार अपराधी के छिपने की आशंका शालकोसा क्षेत्र के रेणी बिल (झील) में जताई जा रही है। पुलिस ने मंगलवार को दूसरे दिन भी तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।

शालकोसा पुलिस चौकी ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है और इलाके के संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। हालांकि, आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस को अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।

इस घटना ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर चूक को उजागर किया है। जिला पुलिस प्रशासन की ओर से इस लापरवाही की आंतरिक जांच शुरू की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here