धमतरी में रबी 2025-26 के लिए फसल बीमा शुरू, 31 दिसंबर 2025 तक करा सकेंगे किसान

0
271

फसल बीमा कराओ, सुरक्षा कवच पाओ

धमतरी, 12 दिसंबर (हि.स.)। रबी वर्ष 2025-26 के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत पंजीयन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राज्य शासन द्वारा जारी अधिसूचना में किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा प्रदान करने हेतु प्रमुख रबी फसलों—गेहूं (सिंचित/असिंचित), चना, राई–सरसों और अलसी—को योजना में शामिल किया गया है। बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 तय की गई है।

किसानों को मिलेगा प्राकृतिक आपदा से सुरक्षा कवच

योजना का मुख्य उद्देश्य ओलावृष्टि, अतिवृष्टि, सूखा और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से होने वाली फसल क्षति की भरपाई सुनिश्चित करना है। कृषि विभाग द्वारा गांवों और पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक किसान इस सुरक्षा कवच का लाभ उठा सकें।

उप संचालक कृषि मोनेश साहू ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित अंतिम तिथि से पहले अपनी फसल का बीमा अवश्य कराएं, जिससे नुकसान की स्थिति में उन्हें उचित मुआवजा मिल सके। उन्होंने बताया कि योजना संबंधी जानकारी के लिए किसान कृषि विभाग के मैदानी कर्मचारियों, बैंक शाखाओं या बीमा कंपनी के अधिकृत अभिकर्ताओं से संपर्क कर सकते हैं।

फसलवार प्रीमियम दरें

जारी अधिसूचना के अनुसार प्रति हेक्टेयर प्रीमियम दरें इस प्रकार हैं—

  • गेहूं (सिंचित) : ₹585
  • गेहूं (असिंचित) : ₹420
  • चना : ₹600
  • राई–सरसों : ₹420
  • अलसी : ₹285

कृषि विभाग का मानना है कि समय पर बीमा कराने से किसानों को आर्थिक जोखिम से राहत मिलेगी और प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में भी खेती का निरंतर संचालन संभव हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here