धौलपुर एसपी ने क्राइम मीटिंग में दिए सख्त निर्देश, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण का आदेश

0
194

धौलपुर, 4 दिसंबर। जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने मंगलवार को जिले के पुलिस अधिकारियों की क्राइम मीटिंग लेकर लंबित प्रकरणों तथा पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित अभियानों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने गंभीर मामलों के शीघ्र निस्तारण और वांछित अपराधियों की तुरंत गिरफ्तारी के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किए।

लंबित प्रकरणों की केस-वाइज समीक्षा

एसपी ने एक वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों, BNSS की धारा 193(9) के तहत पेंडिंग प्रकरणों, दुष्कर्म, एससी/एसटी एक्ट और पोक्सो के दो माह से लंबित केसों की केस-वाइज समीक्षा की। उन्होंने हत्या, डकैती, लूट और दुष्कर्म के अनट्रेस मामलों के त्वरित खुलासे पर विशेष जोर दिया।

अवैध मादक पदार्थों और अपराध नियंत्रण पर निर्देश

मीटिंग में एसपी ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने, यातायात सुधारने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सभी थानों को बीट क्षेत्र में सतत निगरानी रखने, नियमित गश्त बढ़ाने और बदमाशों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया।

नए कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

सांगवान ने अधिकारियों को नए कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने थानों और कार्यालयों पर आने वाले लोगों के साथ सहज और सरल व्यवहार अपनाने पर बल दिया।

पूर्ण टीम की मौजूदगी

मीटिंग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, एडीएफ बाड़ी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल कुमार जांगिड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हवा सिंह सहित सभी वृत्ताधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here