डोना गांगुली पर अश्लील टिप्पणी मामला: साइबर सेल ने संभाली जांच

0
195

डोना गांगुली पर अश्लील टिप्पणी मामले में साइबर सेल ने संभाली जांच

कोलकाता, 29 नवंबर (हि.स.)। पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली की पत्नी और प्रसिद्ध नृत्यांगना डोना गांगुली पर सोशल मीडिया में की गई अश्लील और अभद्र टिप्पणियों के मामले में कोलकाता पुलिस की साइबर सेल ने जांच तेज कर दी है। डोना ने एक फेसबुक पेज और उस पर लगातार हो रहे बॉडी-शेमिंग व आपत्तिजनक कंटेंट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

यह विवाद कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के दौरान उनके नृत्य प्रदर्शन के बाद तेजी से बढ़ा, जहां कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर अपमानजनक टिप्पणियाँ कीं। पहले डोना ने बुधवार को ठाकुरपुकुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने केस को साइबर सेल को स्थानांतरित कर दिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत में कई अश्लील टिप्पणियाँ और लगातार किए गए आपत्तिजनक पोस्ट का उल्लेख है। अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ औपचारिक मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच टीम फेसबुक से संबंधित पेज, उसके एडमिन और पोस्ट करने वालों का विवरण मांगेगी।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि सोशल मीडिया ट्रोलिंग, अभद्र टिप्पणियाँ और ऑनलाइन नफरत फैलाना साइबर अपराध की श्रेणी में आता है। कई लोग इस बात को समझते नहीं, लेकिन कानून इसे स्पष्ट रूप से अपराध मानता है। अधिकारी ने कहा कि “अज्ञानता किसी को अपराध से मुक्त नहीं करती।”

शुक्रवार शाम तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई थी। साइबर सेल अब तकनीकी विश्लेषण के जरिए संबंधित प्रोफाइलों की पहचान पर काम कर रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई का सामना करना होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here