फालाेअप : बलरामपुर में हाथी ने पति-पत्नी पर किया हमला, इलाज के दौरान पत्नी की मौत

0
344

बलरामपुर, 1 अप्रैल (हि.स.)। रामानुजगंज वनपरिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम फुलवार के छतवा सर्किल में बीते सोमवार को हाथी के हमले से दोनों पति-पत्नी घायल हो गए थे। गंभीर रूप से घायल महिला की अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान आज मंगलवार को मौत हो गई । जबकि पति का इलाज जारी है। जिसके बाद आक्रोशित परिजनों ने छतवा वन विभाग कैंपस के पास चक्का जाम कर दिया। वन विभाग के द्वारा लोगों को समझा-बुझाकर जाम को हटवाया गया है।

उल्लेखनीय है कि, सोमवार बीते शाम को रामानुजगंज फॉरेस्ट रेंज के छतवा सर्किल के ग्राम फुलवार में गेहूं की फसल काटने के दौरान शाम करीब 6.30 से 7 बजे के बीच हाथी ने अस्मीना बीबी और उस्मान अहमद के ऊपर हमला कर दिया। जिसमें दोनों पति-पत्नी घायल हो गए। हमले में उस्मान के कमर में चोट आई है। जबकि अस्मीना बीबी के हाथ को गजराज ने एक झटके में उखाड़ डाला । सूचना पर पहुंची वन विभाग ने दोनों को आनन-फानन में रामानुजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है। वहीं वन विभाग के द्वारा इलाज के लिए 50 हजार रुपये तत्कालीन सहयोग राशि मुहैया कराई गई है। आज मंगलवार को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई है।

डिप्टी रेंजर विजय सिंह ने बताया कि हाथी के हमले में पति-पत्नी घायल हुए थे। जिसमें अस्मीना बीबी का अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मृतका के परिजनों को छह लाख रुपये की मुआवजा राशि दी जाएगी। आगे उन्होंने बताया कि कुल दस हाथी इस क्षेत्र में विचरण कर रहे है। हाथी दो दल में बंटे हुए है। एक में नौ हाथी का दल है और दूसरे में एक लोनर हाथी शामिल है। आमजन से यहीं अपील है कि शाम ढलते ही जंगल की ओर न जाए और हो सके तो बच्चे और बूढ़े को पक्के मकान में ही रखें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here