फरीदाबाद : आगरा नहर से मिला बुजुर्ग महिला का शव

0
218

नहीं हुई मृतका की पहचान, पुलिस जांच जारीफरीदाबाद, 3 जून (हि.स.)। मवई गांव के निकट आगरा कैनाल में मंगलवार को एक बुजुर्ग महिला का शव बहता हुआ मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया। मृतका की उम्र लगभग 70 वर्ष आंकी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल में रखा है। उसकी पहचान के प्रयास हो रहे हैं। खेड़ी थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि आज दोपहर डायल 112 पर सूचना प्राप्त हुई कि आगरा कैनाल में एक महिला का शव बह रहा है। सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंची। शव कटपुल्ला पुल के पिलरों के बीच उल्टे मुंह फंसा हुआ था, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार, शव की स्थिति से प्रतीत होता है कि यह एक या दो दिन पुराना है। महिला की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की गई और उसकी तस्वीर भी दिखाई गई, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और महिला की पहचान स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी इस महिला के बारे में कोई जानकारी हो तो वह तुरंत खेड़ी थाने में संपर्क करें। साथ ही आसपास के थानों को भी सूचित कर दिया गया है, ताकि लापता महिलाओं के मामलों से इस घटना का संबंध तलाशा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here