फतेहाबाद: कांग्रेस ने गांधी-शास्त्री जयंती पर पुराने कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित

0
289

फतेहाबाद, 2 अक्टूबर।
जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरूवार को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती सम्मानपूर्वक मनाई। कार्यक्रम में कांग्रेसियों ने गांधी और शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावांजलि दी।

इस अवसर पर कांग्रेस हाई कमान के निर्देशानुसार, गांव ढ़ाणी ठोबा में कांग्रेस के पुराने कार्यकर्ता और गांधीवादी विचारधारक धनपत सिंह का उनके घर जाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया, जिलाध्यक्ष अरविंद शर्मा, डॉ. एमएस सदर, शम्मी रत्ती, कल्याण सिंह भादू सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के बल पर भारत को स्वतंत्रता दिलाई। उन्होंने जीवन में सादगी और सेवा को सर्वोपरि माना। उनका संदेश आज भी पूरे विश्व को शांति और एकता की राह दिखाता है। गांधी जी का सपना था कि हर गांव आत्मनिर्भर बने और हर व्यक्ति को न्याय मिले।

उन्होंने आगे कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देकर देशवासियों को नई दिशा दी। वे ईमानदारी और सादगी के प्रतीक माने जाते हैं। उनका जीवन हमें सच्चाई और निष्ठा से कार्य करने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसियों ने गांधी और शास्त्री जी के आदर्शों को अपनाने और उनके संदेश को जीवन में उतारने का संकल्प लिया। यह कार्यक्रम न केवल जयंती मनाने का अवसर था बल्कि कार्यकर्ताओं के योगदान को याद करने और उनके अनुभवों से सीख लेने का भी मंच बना।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here