जालोर महोत्सव में साउंड-टेन्टवालों के बीच चले लात-घूंसे

0
607

जालाेर, 17 फ़रवरी (हि.स.)। जालोर महोत्सव के दूसरे दिन रविवार रात साउंड और टेन्टवालों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। टेन्ट और डेकोरेशन इंचार्ज के बेटे को पेट और चेहरे पर गंभीर चोटें लगी। उसे उदयपुर रेफर करना पड़ा। यहां बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता हुई थी। इस दौरान मंच हिल रहा था। टेन्टवालों को इसे ठीक करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने मंच से साउंड सिस्टम हटाने को कहा तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।

कोतवाल अरविन्द कुमार ने बताया कि विवाद के बाद देर रात तक करीब सात लोगों को डिटेन किया गया। आरोप है कि नटराज मंच के पास टेंट डेकोरेशन के मालिक हुकमीचंद के बेटे विक्रम को साउंड वालों ने पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। उसे जालोर जिला हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में उदयपुर रेफर किया गया।

जालोर महोत्सव समन्वयक रतन सुथार ने बताया कि हंगामे के बाद पद्मश्री बतूल बेगम का राजस्थान लोकगायन का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। साथ ही, बॉलीवुड के प्लेबैक सिंगर स्वागत राठौड़ और पल्लवी दाभोलकर का बॉलीवुड नाइट कार्यक्रम भी रद्द करना पड़ा।

शहर के शाह पूजांजी गेनाजी स्टेडियम में तीन दिवसीय जालोर महोत्सव चल रहा है। रविवार को इसका दूसरा दिन था।

घटना के बाद लोगों ने कोतवाली थाने के आगे हंगामा कर दिया। ये लोग आरोपितों को गिरफ्तार करने व साउंड सिस्टम जब्त करने के साथ की कार्यक्रम रद्द करने की मांग कर रहे थे। इस पर पद्मश्री बतूल बेगम का लोकगायन का क्रार्यक्रम और बॉलीवुड नाइट कार्यक्रम रद्द कर दिए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here