कमरे में ठहरे युवक ने उड़ाई दोस्त की बाइक, मोबाइल और नकदी

0
215

शिमला, 29 मई (हि.स.)। राजधानी शिमला के उपमंडल सुन्नी में एक युवक के साथ बड़ा धोखा हो गया। जिस व्यक्ति को उसने अपना दोस्त मानकर एक ही कमरे में रात बिताई, उसी ने उसकी बाइक, मोबाइल फोन और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर सुन्नी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता गुरमीत सिंह पुत्र बलबीर सिंह, गांव पदराणा, तहसील गढ़शंकर, जिला होशियारपुर (पंजाब), वर्तमान में दलिप ठाकुर बिल्डिंग, जुब्बड़ (सुन्नी) में रह रहा है। उसने पुलिस को बताया कि 27 मई की रात वह अपने दोस्त सतवंत सिंह पुत्र गुरचैन सिंह, गांव दोपालपुर, नवांशहर (पंजाब) के साथ किराए के कमरे में रुका था। दोनों साथ ही सोए थे। गुरमीत ने अपनी बाइक कमरे के बाहर खड़ी की थी और उसकी चाबियां व मोबाइल फोन (ओप्पो 5जी) अपने बेड पर रखा था। मोबाइल के कवर में 10 हजार रुपये की नकदी भी थी, जो उसने तकिए के पास रख दी थी।

सुबह करीब 5 बजे जब गुरमीत सिंह की नींद खुली, तो उसे न मोबाइल मिला, न ही नकदी। उसने कमरे में देखा तो सतवंत सिंह भी वहां मौजूद नहीं था। जब वह बाहर निकला तो बाइक भी गायब थी। आसपास तलाशने पर भी सतवंत सिंह का कोई सुराग नहीं लगा।

गुरमीत सिंह का आरोप है कि सतवंत सिंह ही उसकी बाइक, मोबाइल और 10 हजार रुपये चुराकर रातोंरात फरार हो गया। इस पर उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सुन्नी थाना पुलिस ने गुरमीत सिंह की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 305(बी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है और विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here