हरिद्वार: पृथ्वीराज चौहान की मूर्ति स्थापना पर विवाद, पथराव में तीन गिरफ्तार

0
256

हरिद्वार, 3 अक्टूबर।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत रामपुर रायघाटी में गुरुवार रात पृथ्वीराज चौहान की मूर्ति स्थापना को लेकर भूमि विवाद भड़क गया। विवाद के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर पथराव हुआ। उपद्रवियों ने मूर्ति के लिए बनाई जा रही फाउंडेशन को भी तोड़ दिया।

पुलिस ने घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचकर सूर्य प्रताप सिंह (भोपा, मुजफ्फरनगर), पारस कुमार (रामराज), और अनिल (रामपुर रायघाटी) को गिरफ्तार कर शांति भंग करने के आरोप में जेल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत की जमीन पर मूर्ति स्थापना के लिए फाउंडेशन का कार्य चल रहा था। पूर्व प्रधान ब्रह्म सिंह और उनके पुत्र नीति राज ने दावा किया कि भूमि का खाता नंबर 00607 और खसरा संख्या 477/1 म 0.1050 हेक्टेयर उनका है। उनका आरोप है कि वर्तमान प्रधान पति रविंद्र चौहान और उनके समर्थक जबरन जमीन पर कब्जा करना चाहते थे।

पूर्व प्रधान के अनुसार, उन्होंने मूर्ति स्थापना के लिए सहमति दे दी थी, लेकिन प्रधान पक्ष ने शेष भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी और पथराव शुरू हो गया। प्रधान पक्ष का आरोप है कि विवाद की शुरुआत पूर्व प्रधान के समर्थकों ने की और उन्होंने बाहरी लोगों को बुलाकर स्थिति बिगाड़ दी।

लक्सर उपजिलाधिकारी सौरभ असवाल ने बताया कि मामला सिविल कोर्ट में विचाराधीन है। पहले भी शिकायत पर रिपोर्ट न्यायालय को भेजी जा चुकी है। अब अदालत के फैसले के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि विवादित मामलों में शांतिपूर्ण ढंग से कार्रवाई करें और किसी भी उग्रता से बचें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here