हिमाचल में बढ़ी ठंड: कांगड़ा, सुंदरनगर और हमीरपुर की रातें शिमला से भी ज्यादा सर्द

0
275

हिमाचल में ठंड ने पकड़ी रफ्तार

हिमाचल प्रदेश में सर्दी अब पूरी तरह दस्तक दे चुकी है। दिन में धूप निकलने के बावजूद रातें बेहद ठंडी हो गई हैं। खास बात यह है कि कांगड़ा, सुंदरनगर और हमीरपुर जैसे मैदानी इलाकों में तापमान शिमला से भी नीचे चला गया है, जिससे इन क्षेत्रों में ठिठुरन बढ़ गई है।

लाहौल-स्पीति सबसे ठंडा जिला

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक सबसे कम तापमान लाहौल-स्पीति के ताबो में -4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केलंग में -3.0 डिग्री और कुकुमसेरी में -2.9 डिग्री तापमान रहा। वहीं किन्नौर के कल्पा में 0.2 डिग्री और मनाली में 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शिमला से ज्यादा ठंडे मैदान

राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि कांगड़ा (5.8°), सुंदरनगर (5.3°) और हमीरपुर (6.0°) में तापमान इससे भी कम रहा। सोलन, मंडी और पालमपुर में भी पारा 5 से 7 डिग्री तक पहुंच गया।
सिरमौर के पांवटा साहिब में सबसे गर्म रात रही, जहां तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

औसत तापमान सामान्य से नीचे

राज्य में बीती रात औसतन तापमान में 0.4 डिग्री की गिरावट आई और यह सामान्य से 1.5 डिग्री कम दर्ज हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 3 डिग्री कम बना हुआ है।

अभी नहीं होगी बारिश या बर्फबारी

शिमला मौसम केंद्र ने बताया कि 18 नवंबर तक हिमाचल में मौसम शुष्क रहेगा और कहीं भी बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है।
हालांकि सुबह-शाम की ठंडी हवाएं और कोहरा लोगों को परेशान कर रहे हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे जा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here