▶️ पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़
जौनपुर में गुरुवार को पुलिस और हत्या के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दो आरोपियों को गोली लगने के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
▶️ हथियार और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे, जिंदा कारतूस, खोखे, एक मोटरसाइकिल और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है।
▶️ हत्या के बाद फरार थे आरोपी
मामला जलालपुर थाना क्षेत्र के सिरकोनी गांव का है, जहां आशीष चौहान की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई थी। हमलावर वारदात के बाद शव को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए थे।
▶️ पुलिस ने ऐसे लगाया सुराग
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के जरिए चार आरोपियों की पहचान की। इसके बाद उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी।
▶️ चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
बुधवार देर रात सूचना मिली कि आरोपी बाइक से भाग रहे हैं। ग्राम ओईना के पास घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें शिवशंकर चौहान (26) और धनंजय चौहान उर्फ नंदू (20) घायल हो गए।
▶️ अस्पताल में भर्ती, जांच जारी
घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।



