कानपुर में 15 लाख रुपये के गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को भारी मात्रा में गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
चेकिंग अभियान में मिली सफलता
जीआरपी थाना प्रभारी ओम नारायण सिंह ने बताया कि स्टेशन परिसर और आउटर इलाके में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान हैरिसगंज पुल के पास झकरकट्टी बस अड्डा जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया।
पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके ट्रॉली बैग से 12 किलो 695 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
ओडिशा से लाया गया था गांजा
पूछताछ में आरोपित की पहचान राम बहादुर गुरुंग के रूप में हुई, जो ओडिशा के कोरापुट जिले का रहने वाला है। आरोपी ने बताया कि वह उड़ीसा से गांजा लेकर आया था और ट्रेन के जरिए लखनऊ जाने की तैयारी में था।
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्य जुटाकर पूरे गिरोह की जांच में लगी हुई है।
मादक पदार्थ तस्करी पर सख्ती
रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में मादक पदार्थ तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में ऐसे अभियान और तेज किए जाएंगे।


