कोलकाता में जन्मे डॉक्टर को पोलियो अनुसंधान के लिए मिला वैश्विक पुरस्कार

0
492

कोलकाता, 23 मई (हि.स.) । भारत में पोलियो उन्मूलन और खसरा निगरानी अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कोलकाता में जन्मे अमेरिका-आधारित चिकित्सक डॉ. आनंद बंधोपाध्याय को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित आईवीआई–एसके बायोसाइंस पार्क महनहून पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

गेट्स फाउंडेशन से जुड़े 45 वर्षीय डॉ. बंधोपाध्याय को यह पुरस्कार बेल्जियम की यूनिवर्सिटी ऑफ एंटवर्प के प्रोफेसर पिएरे वान डैम के साथ संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। दोनों वैज्ञानिकों को यह सम्मान विशेष रूप से नवीन मौखिक पोलियो वैक्सीन के विकास और उसके प्रभावशाली प्रयोग के लिए दिया गया है।

यह पुरस्कार इंटरनेशनल वैक्सीन इंस्टीट्यूट (आईवीआई) द्वारा दिया गया, जो विश्व का एकमात्र ऐसा अंतरराष्ट्रीय संगठन है जो वैश्विक स्वास्थ्य के लिए टीकों की खोज, विकास और आपूर्ति के लिए समर्पित है। वर्ष 2025 का यह पुरस्कार समारोह 30 अप्रैल को आयोजित हुआ।

सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. बंधोपाध्याय ने कहा, “ऐसा प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त करना बेहद प्रेरणादायक है। यह भविष्य के अनुसंधान कार्यों के लिए एक बड़ी ऊर्जा है। यह सम्मान उस वैश्विक साझेदारी और सामूहिक प्रयास का प्रतीक है जो पोलियो के समूल उन्मूलन के लिए समर्पित है।”

डॉ. बंधोपाध्याय के इस सम्मान को चिकित्सा जगत में भारत की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। उनके कार्य ने न केवल भारत बल्कि विश्व स्तर पर सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रयासों को एक नई दिशा दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here