अहिल्याबाई होलकर के जरिए पाल समाज में पैठ बनायेगी भाजपा

0
358

लखनऊ, 14 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी सर्व समाज को पार्टी से जोड़ने की रणनीति के तहत लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के जरिए पाल समाज में पैठ बनायेगी। इसके लिए भाजपा प्रदेशभर में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की जयंती मनायेगी और उनके व्यक्तित्व व कृतित्व से समाज को अवगत करायेगी। इस संबंध में रानी अहिल्याबाई होलकर स्मृति अभियान की प्रदेश कार्यशाला इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में चल रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह तथा राज्यसभा सदस्य कविता पाटीदार की उपस्थिति में कार्यशाला चल रही है।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी ने बताया पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई होलकर का 300वाँ जयंती वर्ष चल रहा है। ग्रामीण पृष्ठभूमि वाले सामान्य परिवार की बालिका से एक असाधारण शासनकर्ता तक की उनकी जीवनयात्रा आज भी प्रेरणा का महान स्रोत है। वे कर्तृत्व, सादगी, धर्म के प्रति समर्पण, प्रशासनिक कुशलता, दूरदृष्टि एवं उज्ज्वल चारित्र्य का अद्वितीय आदर्श थी। उनका लोक कल्याणकारी शासन भूमिहीन किसानों, भीलों जैसे जनजाति समूहों तथा विधवाओं के हितों की रक्षा करनेवाला एक आदर्श शासन था। समाजसुधार, कृषिसुधार, जल प्रबंधन, पर्यावरण रक्षा, जनकल्याण और शिक्षा के प्रति समर्पित होने के साथ साथ उनका शासन न्यायप्रिय भी था। समाज के सभी वर्गों का सम्मान, सुरक्षा, प्रगति के अवसर देने वाली समरसता की दृष्टि उनके प्रशासन का आधार रही।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ देशभर में अहिल्याबाई होलकर की त्रिशताब्दी मना रहा है। सभी प्रान्तों में बड़े—बड़े कार्यक्रम भी हो चुके हैं। उत्तर प्रदेश में भी कई कार्यक्रम हुए हैं। इसके लिए संघ ने अखिल भारतीय स्तर के अलावा सभी प्रान्तों में भी आयोजन समिति बनाई है। उसके तहत वर्षभर कार्यक्रम करने की रूपरेखा बनाई गयी है।

अहिल्याबाई पाल (धनगर) समाज की थीं। अहिल्याबाई होलकर के वंशज उदयराजे होलकर को अहिल्याबाई होलकर की त्रिशताब्दी समारोह समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। उत्तर प्रदेश के कई कार्यक्रमों में वह आ चुके हैं। पाल समाज के साथ वह कई बैठकें भी कर चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here