अरब सागर के चक्रवात से बदला मध्य प्रदेश का मौसम, दीपोत्सव पर बरस सकते हैं बादल

0
443

भोपाल, 16 अक्टूबर (हि.स.)। अरब सागर में सक्रिय चक्रवात ने मध्य प्रदेश के मौसम में बदलाव की दस्तक दे दी है। दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और लक्षद्वीप क्षेत्र के ऊपर बने इस चक्रवाती तंत्र के कारण हवाओं का रुख बदल गया है और वातावरण में नमी बढ़ गई है। इससे प्रदेश के कई इलाकों में बादल छा गए हैं और हल्की फुहारों की संभावना बन गई है।

दीपावली पर बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, आगामी तीन दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, नर्मदापुरम, धार, बुरहानपुर, और राजगढ़ समेत 24 जिलों में फुहारें पड़ने की संभावना जताई गई है।

तापमान में हल्की बढ़ोतरी और ठंडक

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, हवाओं में नमी के कारण रात के तापमान में गिरावट नहीं होगी, जबकि दिन में मामूली कमी आ सकती है। प्रदेश के कई हिस्सों में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।

मानसून विदा, पर बारिश बरकरार

हालांकि मानसून 13 अक्टूबर को आधिकारिक रूप से विदा हो चुका है, लेकिन अरब सागर की मौजूदा गतिविधियों के चलते हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। विभाग ने 16 से 18 अक्टूबर तक दक्षिणी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here