गाय चोरी कर भाग रहे दो तस्करों की गाड़ी पलटी, गिरफ्तार

0
242

पूर्वी सिंहभूम, 27 मई (हि.स.)। कदमा थाना क्षेत्र में मंगलवार अहले सुबह 3 बजे के करीब गौ तस्करी की एक बड़ी कोशिश को हिंदू संगठनों के सदस्यों ने विफल कर दिया। सदस्यों ने एक बोलेरो वाहन से पांच गौ माताओं की तस्करी करते दो युवकों को रंगे हाथों पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।

जानकारी के अनुसार गौ तस्करों को पकड़ने के दौरान भागने का प्रयास कर रहे तस्करों की बोलेरो कार मंगलवार की अहले सुबह जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में मरीन ड्राइव पर पलट गई, जिसमें से पांच गायों को बरामद किया गया। कार में सवार दोनों तस्कर मौके से भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन हिंदू संगठन के सदस्यों ने उन्हें पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। साथ ही बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये युवक शहर के विभिन्न इलाकों से गायों की चोरी कर ओडिशा ले जा रहे थे।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा है कि शहर में हेलमेट और वाहन चेकिंग को लेकर तो सख्ती की जा रही है, लेकिन मवेशियों की चोरी रोकने में पुलिस असफल नजर आ रही है। महंगी कारों को मॉडिफाई कर चोरी की घटनाएं अंजाम दी जा रही हैं और पशुओं को रातों-रात अन्य राज्यों में भेजा जा रहा है।

हिंदू संगठन के सदस्यों ने चेतावनी दी कि अगर पुलिस ने गाय तस्करी और चोरी के मामलों पर सख्त कार्रवाई नहीं की तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। पुलिस फिलहाल दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है। कदमा पुलिस के अनुसार अभी पकड़े गए तस्करों से पूछताछ की जा रही है। उनके विरुद्ध सारी जानकारी लेने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here