चलती ट्रेन से गिरकर आम व्यापारी की मौत

0
230

नदिया, 29 मई (हि. स.)। जिले के कल्याणी रेलवे फाटक संख्या 42 के पास गुरुवार सुबह चलती ट्रेन से गिरकर एक आम व्यापारी की मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि आम से भरा एक थैला पटरी पर गिर गया। उसे संभालने की कोशिश में व्यापारी पटरी पर गिर गया। चलती ट्रेन की चपेट में आने से उसका पैर कट गया। पटरी पर तड़पते हुए उसकी मौत हो गई।

स्थानीय और रेलवे पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृत आम व्यापारी का नाम वृंदावन मंडल (37) है। वह कल्याणी थाना अंतर्गत सगुना ग्राम पंचायत के डेंगुरपाड़ा का निवासी था और रेलवे गेट नंबर 42 से सटे इलाके में आम बेचता था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोज की तरह गुरुवार सुबह भी आम व्यापारी चाकदह से आम खरीदकर सुबह 5:58 बजे कृष्णानगर लोकल ट्रेन से कल्याणी लौट रहा था। सुबह करीब 6:15 बजे जैसे ही ट्रेन कल्याणी रेलवे फाटक संख्या 42 को पार कर रही थी, अचानक आम से भरा एक बड़ा थैला रेलवे ट्रैक पर गिर गया। उसे संभालने के प्रयास में व्यापारी भी गिर गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसके दोनों पैर कट गए। आम रेलवे ट्रैक पर बिखर गए। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। शव काफी देर तक रेलवे ट्रैक पर पड़ा रहा, खबर मिलते ही रेलवे अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए कल्याणी से शांतिपुर लोकल ट्रेन से रानाघाट रेलवे अस्पताल ले जाया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here