मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने अयोध्या में रामलला के किए दर्शन, मांगा भारत-मॉरीशस रिश्तों की मजबूती का आशीर्वाद

0
269

अयोध्या में मॉरीशस प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत, रामलला के किए दर्शन

अयोध्या, 12 सितंबर (हि.स.)। प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या शुक्रवार को ऐतिहासिक पल की गवाह बनी, जब मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम अपनी पत्नी वीना रामगुलाम और 30 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ रामलला के दर्शन करने पहुंचे।

एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रेड कार्पेट, मंत्रोच्चारण और कलश-आरती के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों और शंखनाद से वातावरण आध्यात्मिक हो उठा।

रामलला के दरबार में दर्शन

प्रधानमंत्री रामगुलाम ने पत्नी संग विधि-विधान से पूजा और आरती की। उन्होंने शीश नवाकर भगवान राम से दोनों देशों के रिश्तों की मजबूती का आशीर्वाद मांगा। लगभग आधे घंटे तक मंदिर परिसर में रहकर उन्होंने निर्माण कार्यों का अवलोकन भी किया।

सांस्कृतिक एकता का प्रतीक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह दौरा भारत और मॉरीशस के बीच सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। वहीं, प्रधानमंत्री रामगुलाम ने अयोध्या की पवित्र धरती पर आने को अपने जीवन का विशेष क्षण बताया।

विशेष आयोजन

मंदिर परिसर में टाटा कंपनी द्वारा मंदिर निर्माण पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राम मंदिर का मॉडल भेंट किया और उनकी पत्नी को अंगवस्त्र प्रदान किया गया।

भारत-मॉरीशस संबंधों की पृष्ठभूमि

भारत और मॉरीशस का रिश्ता केवल कूटनीति तक सीमित नहीं है। वहां की बड़ी आबादी भारतीय मूल की है और रामायण व भगवान राम के प्रति गहरी आस्था रखती है। इस दौरे से दोनों देशों के संबंध और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था

प्रधानमंत्री की यात्रा को देखते हुए अयोध्या में कड़ी सुरक्षा की गई। एयरपोर्ट से लेकर मंदिर तक सीसीटीवी निगरानी और एटीएस की टीमों ने सुरक्षा की कमान संभाली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here