मप्रः मुख्‍यमंत्री आज जबलपुर में आईटी पार्क बरगी हिल्‍स में करेंगे सांदीपनि विद्यालय का भूमिपूजन

0
335

जबलपुर, 13 मई (हि.स.)। मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज (मंगलवार को) जबलपुर के प्रवास पर रहेंगे। वे यहां बरगी हिल्‍स के समीप आईटी पार्क में 27 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले सांदीपनि विद्यालय भवन का भूमिपूजन करेंगे। भूमिपूजन समारोह में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, स्‍कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रता‍प सिंह, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्‍नू, राज्‍यसभा सदस्‍य सुमित्रा बाल्मिकी, सांसद आशीष दुबे एवं नगर निगम अध्‍यक्ष रिकुंज विज विशिष्‍ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी आनंद जैन ने बताया कि मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव का भोपाल से वायुयान द्वारा शाम 4 बजे जबलपुर आगमन होगा। मुख्‍यमंत्री यहां शाम 4.25 बजे बरगी हिल्‍स स्थित आईटी पार्क में आयोजित समारोह में सांदीपनि स्‍कूल का भूमिपूजन करेंगे। इसके पश्चात शाम 5.20 बजे अपोलो हॉस्पिटल में राधाकृष्‍ण की मूर्ति की प्राण प्रतिष्‍ठा समारोह में शामिल होंगे और अस्‍पताल का अवलोकन करेंगे। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव का शाम 6.05 बजे से 6.30 बजे तक का समय आरक्षित रहेगा। मुख्‍यमंत्री शाम 6.55 बजे जबलपुर से भोपाल के लिए प्रस्‍थान करेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी आनंद जैन ने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से युक्‍त सांदीपनि स्‍कूल भवन (सीएम राईज स्‍कूल) का निर्माण 11.62 एकड़ भूमि पर किया जाएगा। भवन के निर्माण के लिए मध्‍य प्रदेश भवन विकास निगम को निर्माण एजेंसी नियुक्‍त किया गया है। सांदीपनि विद्यालय का भवन भूतल सहित चार मंजिला होगा। कुल 13 हजार 666.80 वर्गमीटर क्षेत्र में बनने वाले इस भवन में केजी-1 से बारहवीं तक के 1 हजार 960 विद्यार्थी अध्‍ययन कर सकेंगे। भवन में 57 क्लासरूम के साथ-साथ भौतिक, रसायन, जीवविज्ञान तथा कम्प्यूटर कक्ष सहित आधुनिक लाइब्रेरी का निर्माण होगा। मुख्य विद्यालय भवन के साथ मिड-डे-मिल, मल्टीपर्पज हॉल, 200 मीटर रनिंग ट्रेक, बास्केट बॉल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट एवं खो-खो कोर्ट आदि का निर्माण किया जायेगा। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के कौशल विकास हेतु नृत्य एवं गायन कक्ष के साथ 300 विद्यार्थियो की क्षमता का आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण भी किया जायेगा। विद्यालय परिसर के सामने मुख्य मार्ग की चौडाई 24 मीटर होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here