भविष्य के चैंपियनों को तैयार करने में सहायक सिद्ध हो रहे खेलो इंडिया केंद्र : बराला

0
544

फतेहाबाद, 7 मार्च (हि.स.)। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि केंद्र सरकार की ‘खेलो इंडिया’ पहल के तहत हरियाणा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। खेलो इंडिया पहल के तहत हरियाणा में खेलो इंडिया केंद्रों का शुभारंभ किया गया है जो भविष्य के चैंपियनों को तैयार करने में सहायता करेंगे। शुक्रवार को राज्यसभा सांसद जिले के गांव सनियाना में शहीद भगत सिंह युवा संगठन एवं युवा एकता क्लब व समस्त ग्राम पंचायत सनियाना द्वारा आयोजित क्रिकेट महाकुंभ व खेल मेला में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाया। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि खेलो इंडिया भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य देश में खेलों को बढ़ावा देना और युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना है। खेलो इंडिया केंद्रों में पूर्व चैंपियन एथलीटों को शामिल किया गया है, जो नई पीढ़ी के खिलाडिय़ों को प्रशिक्षित कर रहे। केंद्र व प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने का काम कर रही है। देशभर में खेल सुविधाओं का विस्तार करने के साथ-साथ खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने के लिए नकद पुरस्कार दिया जाता है।

सरकार खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए समय-समय पर विभिन्न स्कीमों के माध्यम से खिलाडियों की हौसला अफजाई करती है, जिसके परिणामस्वरूप विभिन्न खेलों में भारतीय खिलाड़ी नए-नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। आज खेल जगत में हरियाणा प्रदेश का बड़ा नाम है। हमारे युवा बड़ी उपलब्धियां प्राप्त कर देश व प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। सरकार द्वारा मैडल जीतने वाले खिलाडिय़ों को नकद पुरस्कार देने के साथ साथ नौकरियां भी दी जा रही हैं। हमारे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में लगातार पदक जीतकर हरियाणा का गौरव बढ़ा रहे हैं। हरियाणा खेलों का पावर हाउस बन चुका है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की भी अपील की और अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करने का आह्वान किया। युवाओं को चाहिए कि वे विद्यार्थी जीवन से ही किसी न किसी खेल में जरूर भाग लें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here